भारत ही नहीं, ये देश भी मनाते हैं 15 अगस्‍त को स्‍वतंत्रता का जश्‍न

0
1358
Photo: www.aa.com.tr

भारत 15 अगस्‍त को अपना 75वां स्‍वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह दिन हमारे स्‍वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है। वास्‍तव में स्‍वतंत्रता पाने के लिए भारत ने लंबे समय तक संघर्ष किया। कई लोगों के बलिदान के बाद भारत को 200 साल लंबे ब्रिटिश शासन से आजादी मिली। लंबी लड़ाई के बाद ब्रिटिशर्स ने 15 अगस्‍त को भारत छोड़ दिया। तब से भारत में 15 अगस्‍त को स्‍वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता है। हालांकि भारत अकेला देश नहीं है, जो 15 अगस्‍त को स्‍वंतत्रता दिवस मनाता है, बल्कि ऐसे और भी 4 देश हैं, जो 15 अगस्त को अपनी स्वतंत्रता का जश्न मनाते हैं। तो आइए जानते हैं इन देशों के बारे में।

कोरिया:
इसे ‘कोरिया का राष्ट्रीय मुक्ति दिवस’ भी कहते हैं। इस दिन उत्तर और दक्षिण कोरिया में पब्लिक हॉलीडे रहता है। इस दिन अमेरिकी और सोवियत सेनाओं ने कोरियाई प्रायद्वीप पर जापानी कब्जे को समाप्त कर दिया था। तीन साल बाद, कोरिया को उत्तर और दक्षिण कोरिया में विभाजित कर दिया गया।

बहरीन:
बहरीन ने 15 अगस्त 1971 को ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की थी । 1971 में, बहरीन ने अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की और इसके बाद, दोनों पक्षों ने एक मैत्री संधि पर हस्ताक्षर किए, जिसने उनके बीच पिछले सभी समझौतों को खत्‍म कर दिया। हालांकि, 14 अगस्त बहरीन की स्वतंत्रता की वास्तविक तारीख है। जबकि राष्ट्र 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के रूप में मान्यता देता है। यही नहीं बहरीन घूमने के लिहाज से भी बेहद हसीन जगह है।

रिपब्लिक ऑफ कांगो:
कांगो गणराज्य को फ्रांसीसी शासन के तहत आने के ठीक 80 साल बाद 1960 में फ्रांस से पूरी तरह से स्वतंत्रता प्राप्त हुई थी। यहां इसे ‘कांगोलेस नेशनल डे’ के रूप में भी जाना जाता है।

लिकटेंस्टीन:
लिकटेंस्टीन, दुनिया का छठा सबसे छोटा राष्ट्र है। लिकटेंस्टीन में 1940 से इस पर्व को राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है और यह प्रिंस फ्रांज-जोसेफ के जन्मदिन से भी जुड़ा हुआ है। इस दिन यहां रात 10 बजे CEST में एक आतिशबाजी समारोह भी होता है। 15 अगस्त को आधिकारिक तौर पर 1990 में कानून ने राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया गया था। इस समारोह में लिकटेंस्टीन के हजारों नागरिक शामिल होते हैं।